रुद्रपुर (उधम सिंह नगर):
रुद्रपुर के सिडकुल क्षेत्र से जुड़े एक पूर्व एचआर मैनेजर को होटल में अपनी महिला मित्र के साथ समय बिताना उस वक्त भारी पड़ गया, जब उनकी पत्नी और महिला के पति ने मौके पर धावा बोल दिया। यूपी बॉर्डर स्थित एक होटल में हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने देखते ही देखते अखाड़े का रूप ले लिया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
पॉश कॉलोनी के ‘साहब’ का पर्दाफाश
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर की एक पॉश कॉलोनी में रहने वाले लगभग 45 वर्षीय पूर्व एचआर मैनेजर अपनी एक महिला परिचित के साथ यूपी बॉर्डर के एक होटल में ठहरे हुए थे। इसकी भनक मैनेजर की पत्नी और उस महिला के पति को लग गई। फिर क्या था, दोनों पक्षों के परिजन भारी लाव-लश्कर के साथ होटल पहुंच गए।
होटल परिसर बना अखाड़ा
होटल के कमरे का दरवाजा खुलते ही हंगामा शुरू हो गया। पहले तीखी नोकझोंक हुई और फिर बात मारपीट तक पहुंच गई। पत्नी ने पति की क्लास लगाई तो दूसरी ओर महिला के पति ने भी अपना गुस्सा निकाला। होटल मैनेजमेंट ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हंगामा इतना बढ़ गया कि पूरे होटल में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने काटा ‘शांति भंग’ का चालान
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद भी जब मामला शांत नहीं हुआ, तो पुलिस सभी पक्षों को थाने ले आई। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने के आरोप में पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की है।