​पीलीभीत। थाना माधोटांडा पुलिस ने वन्यजीवों का शिकार करने वाले गिरोह के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल की है। जंगल में शिकार और पुलिस टीम पर फायरिंग करने के आरोपी पांच वांछित अभियुक्तों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान जवाबी फायरिंग में दो शिकारी पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से शिकार में प्रयुक्त अवैध बंदूकें और कारतूस भी बरामद किए हैं।
​बराही जंगल में शिकार से जुड़ा है मामला
बीती 15 अप्रैल 2026 की रात बराही जंगल में कुछ शिकारियों ने प्रतिबंधित वन्यजीव (जंगली सूअर) का शिकार किया था और रोकने की कोशिश करने पर जान से मारने की नीयत से फायर किया था। इस मामले में पुलिस ने पहले ही एक अभियुक्त हरजिंदर सिंह को जेल भेज दिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। शुक्रवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल चार अन्य बदमाश सेल्हा मजार के पास जंगल में छिपे हैं।
​जवाबी फायरिंग में घायल हुए बदमाश
सूचना पर माधोटांडा पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी की, तो बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में अमरजीत (32 वर्ष) और हरपाल उर्फ जसपाल (24 वर्ष) घायल हो गए। मौके का फायदा उठाकर भाग रहे दो अन्य अभियुक्तों मुख्तियार सिंह और बलजीत सिंह को भी पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। वहीं, शनिवार सुबह एक अन्य वांछित बुजुर्ग अभियुक्त सतनाम सिंह (72 वर्ष) को डगा पुल के पास से गिरफ्तार किया गया।

अवैध असलहे और कारतूस बरामद
गिरफ्तार शिकारियों के पास से पुलिस ने शिकार में प्रयुक्त एक 12 बोर की अवैध बंदूक, एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है। इन सभी अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव मिश्र ने वन्यजीव संरक्षण और अपराध नियंत्रण की दिशा में इस साहसिक कार्य के लिए प्रभारी निरीक्षक अशोक पाल, उपनिरीक्षक मो. सैफ, मनोज कुमार और उनकी पूरी टीम को प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत करने की घोषणा की है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के शिकार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्रवाई जारी रहेगी।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi