पीलीभीत। जनपद में स्वर्णकार समाज की एकजुटता और व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए एक भव्य ‘स्वर्ण सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुल अग्रवाल ने शिरकत की, जबकि कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष राकेश वर्मा द्वारा किया गया। समारोह में भारी संख्या में सर्राफा व्यापारियों ने भाग लिया, जहाँ समाज के प्रति उत्कृष्ट सेवा करने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने दिया सुरक्षा का भरोसा
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने पीलीभीत के विकास में स्वर्णकार समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी सूरत में व्यापारियों का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने समाज से पीलीभीत को ‘उद्योग हब’ बनाने के लिए निवेश का आह्वान किया और स्पष्ट किया कि रंगदारी या धमकी देने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ज्वेलरी इंडस्ट्री के विकास के लिए प्रस्ताव मांगे और धारा 411-412 के तहत सीधे कार्रवाई न करने के संकेत दिए।
वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि ज्वेलर्स कोई भी वस्तु बिना बिल के न खरीदें और न बेचें, इससे वे कानूनी उत्पीड़न से सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने व्यापारियों से पुलिस अधीक्षक द्वारा आयोजित नियमित बैठकों में भाग लेने का आग्रह किया ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

राजनीतिक नेतृत्व ने जताया समर्थन
भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने विश्वास दिलाया कि पार्टी किसी भी स्वर्णकार का उत्पीड़न नहीं होने देगी और व्यापारी किसी भी समस्या के समाधान के लिए सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने भी नगर क्षेत्र में स्वर्णकारों और ज्वेलर्स को हर संभव सहयोग और सुरक्षा का भरोसा दिया।

राष्ट्रीय नेतृत्व का व्यापारियों की सुरक्षा पर जोर
राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुल अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्णकार समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है, लेकिन वर्तमान चुनौतियों के लिए संगठित होना अनिवार्य है। जिलाध्यक्ष राकेश वर्मा ने छोटा व्यापारियों की सुरक्षा, कागजी जटिलताओं और पुलिसिया उत्पीड़न के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन जल्द ही शासन-प्रशासन से मिलकर व्यापारियों के लिए ‘विशेष सुरक्षा कॉरिडोर’ और सरल व्यापारिक नीतियों की मांग करेगा।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में राष्ट्रीय महामंत्री जया वर्मा, राष्ट्रीय संरक्षक लोकेश अग्रवाल, अंजू अग्रवाल, पूरनपुर नगर अध्यक्ष नितिन वर्मा, जिला महामंत्री निर्मित अग्रवाल, कपीश वर्मा, राममूर्ति लाल वर्मा, धर्मपाल वर्मा और आशु अग्रवाल सहित सैकड़ों की संख्या में स्वर्णकार और ज्वेलर्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम का स्वागत भाषण अक्षय वर्मा ने दिया तथा कुशल संचालन शिवम शर्मा द्वारा किया गया।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)