​पीलीभीत। कोतवाली पूरनपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कलम वाली बाग में आज एक 22 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शेरपुर कलां के मोहल्ला माहिगिरान निवासी दानिश (22 वर्ष) के रूप में हुई है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, दानिश स्थानीय स्तर पर ‘चीमा कार हाउस’ में लेमिनेशन का काम करता था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे जब स्थानीय लोगों की नजर स्वर्गीय नवाब शमसुल हसन खां के बाग में पेड़ से लटके शव पर पड़ी, तब मामले का खुलासा हुआ। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुँच गए।
​घटना की सूचना पर पूरनपुर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में ले लिया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम अब इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *