पीलीभीत। भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं संस्कृति के संवर्धन हेतु समर्पित संस्था ‘स्पिकमैके’ द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का भव्य शुभारंभ आज जनपद के दो प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में हुआ। कार्यक्रमों के प्रथम चरण में चिरौंजी लाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विश्वविख्यात सितार वादक पंडित हरविंदर शर्मा ने अपनी कला का प्रदर्शन किया, जबकि दूसरे चरण में इनीशियम ग्लोबल स्कूल में मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
सरस्वती विद्या मंदिर में कार्यक्रम का उद्घाटन माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पार्चन के साथ हुआ। हरियाणा के पंचकूला से पधारे सुप्रसिद्ध सितार वादक पंडित हरविंदर शर्मा ने गायत्री मंत्र के सुरों को सितार पर पिरोकर छात्रों को शास्त्रीय संगीत की बारीकियों से परिचित कराया। उन्होंने ‘राग अल्हैया बिलावल’ की शानदार प्रस्तुति दी, जिसमें तबला वादक पंडित जयदेव की जुगलबंदी ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। इस दौरान विद्यार्थियों ने सितार वादन से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं, जिनका पंडित जी ने अत्यंत सरल भाव से उत्तर दिया। अंत में विद्यालय प्रबंधक अरविंद गुप्ता ने कलाकारों को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में पंडित हरविंदर शर्मा इनीशियम ग्लोबल स्कूल पहुँचे, जहाँ उन्होंने ‘राग शुद्ध सारंग’ प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। यहाँ कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 10 मिनट का ‘सितार मेडिटेशन’ सत्र रहा, जिसके माध्यम से छात्रों को संगीत की शक्ति और एकाग्रता का अनुभव कराया गया। विद्यालय प्रबंधक सागर धमेजा ने आमंत्रित कलाकारों का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर स्पिकमैके के जिला प्रभारी संजीव पाराशरी ने कार्यक्रमों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी का आभार प्रकट किया। दोनों ही संस्थानों में आयोजित इन कार्यक्रमों ने युवा पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत और शास्त्रीय संगीत से जुड़ने का सुनहरा अवसर प्रदान किया।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)