पीलीभीत। उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी और लू (हीट वेव) के प्रकोप को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। शिक्षा निदेशक (बेसिक) प्रताप सिंह बघेल द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित सभी परिषदीय विद्यालयों के समय में तत्काल प्रभाव से परिवर्तन कर दिया गया है। छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अब सभी विद्यालय प्रातः 07:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। यह निर्णय उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी हीट वेव संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है।
​नए समय सारणी के अनुसार, छात्रों के लिए विद्यालय का समय सुबह 07:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा। विद्यालय की शुरुआत प्रातः 07:30 से 07:40 बजे तक प्रार्थना सभा और योगाभ्यास के साथ होगी, जबकि मध्यावकाश (इंटरवल) प्रातः 10:00 बजे से 10:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को दोपहर 01:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर अपने शैक्षिक और प्रशासनिक कार्यों को पूर्ण करना होगा।
​आदेश में स्पष्ट किया गया है कि परिषदीय विद्यालयों के लिए यह नियम अनिवार्य होगा, जबकि निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के संबंध में वहां की विद्यालय प्रबंध समितियां समय परिवर्तन को लेकर अपने स्तर से निर्णय लेने के लिए अधिकृत होंगी। शिक्षा निदेशक ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ताकि भीषण गर्मी के दौरान बच्चों को लू की चपेट में आने से बचाया जा सके।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi