पीलीभीत। बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड (बरखेड़ा यूनिट) और बजाज एनर्जी में आयोजित ‘राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह’ का भव्य समापन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बीसलपुर के अग्निशमन अधिकारी उमेश चन्द्र पाठक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया डॉकयार्ड में भीषण आग बुझाते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले 66 जांबाज अग्निशमन कर्मचारियों को याद किया गया। मुख्य अतिथि ने शहीद फायर फाइटरों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए, जिसके बाद उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई।
​समापन समारोह में ईकाई प्रमुख जितेन्द्र सिंह जादौन और बजाज एनर्जी के यूनिट हेड दीपक राना ने अग्नि सुरक्षा सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित सभी कर्मचारियों को आग से बचाव के तरीकों और सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया। मिल के संरक्षा अधिकारी ने सभी कर्मचारियों को भविष्य में किसी भी अग्नि दुर्घटना को रोकने और सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए ‘सुरक्षा प्रतिज्ञा’ दिलाई। कार्यक्रम के अंत में मिल परिसर के भीतर एक फायर मॉक ड्रिल का भी आयोजन किया गया, ताकि आपातकालीन स्थिति में कर्मचारी त्वरित और प्रभावी कार्रवाई कर सकें।


​उल्लेखनीय है कि 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक चलने वाले इस राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह का उद्देश्य समाज और औद्योगिक इकाइयों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता फैलाना है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मिल के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय अग्निशमन विभाग के कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *