​पीलीभीत। जनपद के शहर से सटे एक गांव में सात साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। पड़ोस के घर में खेलने गई बच्ची को अकेला पाकर दूसरे समुदाय के एक ई-रिक्शा चालक ने अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर मासूम बच्ची पड़ोस के एक घर में खेलने के लिए गई थी। उक्त घर में आरोपी कयूम, जो कि चिड़ियादाह का निवासी है, का आना-जाना था। बताया जा रहा है कि आरोपी उसी घर का ई-रिक्शा (टुकटुक) किराए पर लेकर चलाता है। घर में बच्ची को अकेला पाकर कयूम ने उसके साथ हैवानियत की। जब बच्ची लहूलुहान हालत में रोते हुए अपने घर पहुंची, तो उसकी स्थिति देखकर परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी।
​घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और बच्ची को मेडिकल परीक्षण व उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देते हुए आरोपी कयूम को गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस फोर्स तैनात है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *