शक्तिफार्म। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर एक फर्जी अकाउंट बनाकर बंगाली समाज के खिलाफ भ्रामक पोस्ट करने का मामला गरमा गया है। सोमवार को यूथ कांग्रेस के नेताओं ने शक्तिफार्म पुलिस को लिखित शिकायती पत्र सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बंगाली समाज को अपमानित करने की साजिश
यूथ कांग्रेस के नेताओं ने बताया कि किसी अज्ञात शरारती तत्व ने सुनियोजित साजिश के तहत प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की फर्जी फेसबुक आईडी बनाई। इस आईडी से बंगाली समाज पर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की गई ताकि प्रदेश अध्यक्ष की सामाजिक छवि खराब की जा सके और समाज में वैमनस्य फैलाया जा सके।
AI के दुरुपयोग का आरोप
स्वयं प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस मामले पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उक्त अकाउंट से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर उनकी फर्जी पहचान गढ़ी गई है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी भ्रामक संदेश पर विश्वास न करें।
शक्तिफार्म पुलिस से कार्रवाई की मांग
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शक्तिफार्म पुलिस से मामले की त्वरित जांच कर फर्जी अकाउंट संचालित करने वाले मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करने की मांग की है। इस दौरान अमित विश्वास, अर्जुन विश्वास, समीर मल्लिक, प्रशांत मजूमदार, पीयूष हीरा, अजय, देव, पंकज साना सहित कई युवा नेता उपस्थित रहे।
इधर, किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के नेतृत्व में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस मामले को लेकर रुद्रपुर कोतवाली में प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)