रुद्रपुर। गल्ला मंडी स्थित श्री पंचमुखी हनुमान बालाजी मंदिर के 18वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिर समिति के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में चार निर्धन परिवारों के वर-वधुओं का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। इस पुनीत कार्य में नगर के गणमान्य नागरिकों सहित संतों और राजनेताओं ने शिरकत कर नव-विवाहित जोड़ों को सुखी जीवन का आशीर्वाद दिया।

धूमधाम से निकली बारात, हुआ भव्य स्वागत
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः अंबेडकर पार्क से हुआ, जहाँ चारों वरों की बारात गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई। मुख्य बाजार से गुजरती हुई बारात जब गल्ला मंडी स्थित मंदिर पहुंची, तो आयोजन समिति और कन्या पक्ष के लोगों ने पुष्प वर्षा कर बारातियों का जोरदार स्वागत किया। दोपहर में विशाल भंडारे के बाद मंदिर के पुजारी पंडित सुरेंद्र पाल शर्मा की देखरेख में पाणिग्रहण संस्कार संपन्न हुआ।

इन जोड़ों का हुआ विवाह
सामूहिक विवाह में नेमचंद (बदायूं) संग पूजा (रम्पुरा), मुनेश (मिलक रामपुर) संग निकिता (रम्पुरा), सोहनलाल (लालपुर) संग रेखा (रम्पुरा) और अरविंद कुमार (बिहार) संग प्रियंका (बिलासपुर) का विवाह संपन्न हुआ। शाम को विदाई के समय मंदिर समिति द्वारा सभी नव-विवाहित जोड़ों को घरेलू सामान और उपहार देकर विदा किया गया।

दिग्गजों की मौजूदगी रही खास
समारोह में विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल सहित कई प्रमुख हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मंदिर समिति के अध्यक्ष गुलशन नारंग, महामंत्री चंद्रप्रकाश सचदेवा और कोषाध्यक्ष सौरभ गाबा ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi