रुद्रपुर। पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 558.78 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि तस्करी में प्रयुक्त कैंटर वाहन भी कब्जे में ले लिया गया है बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 अप्रैल 2026 की रात कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी इसी दौरान काशीपुर हाईवे पर एक मुखबिर ने सूचना दी कि रामपुर बाईपास से एक कैंटर (यूपी 81 एफटी 5851) में भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बागवाला फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर वाहन को रोककर वाहन की तलाशी राजपत्रित अधिकारी (सीओ) की मौजूदगी में ली गई। कैंटर में सवार तीनों व्यक्तियों ने पूछताछ में अपने नाम संजय गुप्ता (38), डीटू यादव (26) और मोहित यादव (28) बताए।तलाशी के दौरान कैंटर में सुतली रस्सियों के गट्ठरों के बीच अत्यंत सुनियोजित तरीके से छुपाकर रखे गए 18 प्लास्टिक के कट्टों तथा तीन स्कूली बैगों में अवैध गांजा बरामद हुआ।इसके अलावा कैंटर की बॉडी में प्लास्टिक के कट्टों में छिपा कर रखे गए 18 बड़े बंडल भी मिले।
पुलिस ने जब इन बंडलों को खोलकर जांच की तो उनमें गांजा भरा मिला। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर कुल वजन 558.78 किलोग्राम पाया गया पुलिस ने सभी गांजे को सील कर कब्जे में ले लिया और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पूछताछ में मुख्य आरोपी संजय गुप्ता ने खुलासा किया कि यह गांजा उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से ‘मुकेश’ नामक व्यक्ति से लाया गया था,इसे रुद्रपुर के भूरारानी क्षेत्र में रहने वाले मुकेश साहनी और राकेश साहनी उर्फ पेंटर को सप्लाई किया जाना था पुलिस अब इन आरोपियों की तलाश में जुट गई है।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों से पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। वहीं वाहन के कागजात भी मौके पर नहीं मिले जिससे वाहन स्वामित्व की जांच की जा रही है। पुलिस ने तीनों आरोपियों संजय गुप्ता पुत्र जगदीश गुप्ता निवासी दूधियानगर,किच्छा रोड,रुद्रपुर,उम्र 38 वर्ष, डीटू यादव पुत्र रामविलास निवासी ग्राम नगला पीपल,थाना ओछा,जनपद मैनपुरी(उ0प्र0),उम्र 26 वर्ष एंव मोहित यादव पुत्र आदेश यादव निवासी ग्राम पीपल नगला,थाना ओछा,जनपद मैनपुरी(उ0प्र0) ,उम्र 28 वर्ष के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8,20,60 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही संजय गुप्ता के खिलाफ पहले से दर्ज एक अन्य मामले में जारी गिरफ्तारी वारंट का भी अनुपालन किया गया। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी आदर्श कॉलोनी सुरेन्द्र सिंह,उ0नि0जीवन सिंह, कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल कृष्णा टम्टा, एसओजी के कांस्टेबल पंकज बिनवाल, कांस्टेबल ललित कुमार एंव कांस्टेबल भूपेन्द्र आर्य (विशेष तकनीकी सहयोग) शामिल रहे।
रूद्रपुर। कप्तान ने बताया है कि अभियुक्त संजय गुप्ता के विरुद्ध पूर्व में भी नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा अपराध संख्या 449वर्ष2025 धारा 8,20, 60,29 नारकोटिक एक्ट पंजीकृत है। इसके अतिरिक्त थाना पुलभट्टा मुकदमा अपराध संख्या 52वर्ष 2025 धारा 8,20,60 नारकोटिक एक्ट में भी अभियुक्त के विरुद्ध नशा तस्करी के प्रकरण दर्ज हैं तथा अभियुक्त की लगभग 03 करोड़ की अवैध नशे के कारोबार से अर्जित की गई अवैध सम्पत्ति को भी सीज करने की कार्यवाही भी प्रचलित है।
ऐतिहासिक सफलता पर एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट शब्दों में कहा— “जनपद में नशा तस्करी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। नशे के काले कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हमारी यह मुहिम नशा मुक्त देवभूमि का संकल्प पूरा होने तक लगातार जारी रहेगी।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)