​पीलीभीत। जनपद के विकास खंड मरौरी में जल संरक्षण और पर्यावरण सुधार की दिशा में आज एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। ग्राम पंचायत कंजा हरैया एवं अजीतपुर पटपरा में कटना नदी के पुनरुद्धार कार्य का विधिवत पूजन के साथ शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख मरौरी सभ्यता वर्मा, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास उपस्थित रहे।


​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख सभ्यता वर्मा ने कहा कि कटना नदी का पुनरुद्धार और गहरीकरण न केवल जल स्तर को बढ़ाने में सहायक होगा, बल्कि यह स्थानीय किसानों और वन्यजीवों के लिए जीवनदायिनी सिद्ध होगा। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार के इस जल संचयन अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने इस परियोजना को मरौरी के लिए गौरवशाली क्षण बताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से इस प्राकृतिक धरोहर को 100 वर्ष पूर्व वाली स्थिति में वापस लाया जाएगा।


इस दौरान जिलाधिकारी ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि क्षेत्र के बंगाली समुदाय को जल्द ही उनकी जमीन का भौमिक अधिकार मिलने जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दशकों पूर्व यहां आए बंगाली परिवारों को पट्टे तो दिए गए थे, लेकिन उन पर मालिकाना हक (भौमिक अधिकार) नहीं था। अब राज्य सरकार ने ऐतिहासिक अध्यादेश जारी कर सभी औपचारिकताएं पूरी कर दी हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि तहसील स्तर से आवश्यक कार्यवाही पूरी कर जल्द ही पट्टा वितरण शुरू किया जाएगा।
​उन्होंने आगामी समय में मुख्यमंत्री के संभावित दौरे की जानकारी देते हुए क्षेत्रवासियों से उनका भव्य स्वागत करने की अपील की, ताकि इस बड़े निर्णय के लिए जनता का आभार उन तक पहुँच सके। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर श्रद्धा सिंह, नायब तहसीलदार सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने नदी पुनरुद्धार के इस संकल्प में अपना योगदान देने का भरोसा दिया।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *