​पीलीभीत। जनपद के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए स्प्रिंगडेल कॉलेज में प्रथम जिला स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह व जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह द्वारा फीता काटकर एवं माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर स्प्रिंगडेल कॉलेज, ज्ञान इंटरनेशनल, लिटिल एंजिल स्कूल, कैम स्कॉलर्स स्कूल और विद्यालय निकेतन सहित कई स्कूलों के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं ने स्केटिंग ट्रैक पर अपना कौशल दिखाया।


​प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि जनपद में पहली बार आयोजित हो रही यह प्रतियोगिता यहाँ के छात्रों के लिए भविष्य के नए आयाम स्थापित करेगी। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए घोषणा की कि जिला प्रशासन और स्केटिंग संगठन मिलकर छात्रों को इस खेल में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रेरित करेंगे। साथ ही, उन्होंने खेल प्रेमियों को बड़ी सौगात देते हुए एलान किया कि जल्द ही गांधी स्टेडियम, पीलीभीत में एक आधुनिक स्केटिंग कोर्ट का निर्माण कराया जाएगा, ताकि उभरते स्केटर्स को अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।


​प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका उत्तर प्रदेश रोलर स्केटिंग संघ नोएडा से आए ऋषि कुमार व वासुदेव और बरेली से आए वरुण दीक्षित व सुमित कुमार ने निभाई। कड़े मुकाबले के बाद लिटिल एंजिल स्कूल ने प्रथम, ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल ने द्वितीय और ज्ञान इनिशियम ग्लोबल स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आयोजन की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए अध्यक्ष देवेन्द्र छाबड़ा ने कहा कि स्वयं एक स्केटर होने के नाते जनपद में इस खेल गतिविधि का शुरू होना गौरवपूर्ण है।


​कार्यक्रम में स्प्रिंगडेल कॉलेज के एमडी डॉ. हेमंत जगोता, अक्लीम अंसारी, अक्षत भसीन, डॉ. अमित सचान, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्षडॉ. भरत सेठी और संरक्षक डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही उपाध्यक्ष सौरभ सक्सेना (सुमन कम्प्यूटर), उपाध्यक्ष सौरभ सक्सेना, कोषाध्यक्ष अंशुमन तिवारी, संयुक्त सचिव शालिनी पांडे, आय-व्यय निरीक्षक हितेश शुक्ला, मीडिया प्रभारी अभिषेक प्रजापति और सोशल मीडिया प्रभारी मनोज राना भी मौजूद रहे। विशेष आमंत्रित सदस्यों में सचिन सक्सेना, अद्वितीय अग्निहोत्री, शिवम शर्मा, सचिन पटेल, अभिजीत कुशवाहा सहित कई गणमान्य लोग सम्मिलित हुए।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *