पीलीभीत। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की युवा विंग ने जनपद की गंभीर जनसमस्याओं को लेकर हुंकार भरी है। जिला अध्यक्ष शैली शर्मा के आह्वान पर संगठन के पदाधिकारियों ने बच्चों वाले श्मशान घाट की बदहाली और ब्लॉक रोड की जर्जर स्थिति को लेकर एक मांग पत्र जारी कर प्रशासन से तत्काल सुधार की अपील की है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि इन मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
युवा विंग के नगर अध्यक्ष नितिन वर्मा ने शेरपुर रोड स्थित बच्चों वाले श्मशान घाट की दयनीय स्थिति पर गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यहाँ जल स्तर अत्यधिक ऊपर होने के कारण शव दफनाने में परिजनों को भारी कठिनाई हो रही है। थोड़ी सी खुदाई करते ही पानी निकल आता है, जिससे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया बाधित होती है। संगठन ने मांग की है कि श्मशान घाट में तत्काल 25-30 ट्राली मिट्टी डलवाकर सतह को ऊंचा किया जाए। इसके अलावा वहाँ बैठने के लिए बेंच, इंटरलॉकिंग, बाउंड्री वॉल का जीर्णोद्धार और आवारा पशुओं को रोकने के लिए मुख्य गेट लगवाने का भी अनुरोध किया गया है।
सड़क मार्ग की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए व्यापारियों ने पूरनपुर ब्लॉक रोड और महिला अस्पताल के सामने की जर्जर सड़क की ओर प्रशासन का ध्यान खींचा। पत्र में उल्लेख किया गया है कि महिला अस्पताल के सामने सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जो गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों के लिए ‘मुसीबत’ बन गई है। बारिश के समय जलभराव के कारण राहगीर आए दिन चोटिल हो रहे हैं। ज्ञापन सौंपने के दौरान नितिन वर्मा, मोहम्मद हसन, राहत शेरी, विकास गुप्ता, गौरव पांडे, सुभाष गुप्ता, अंकित अग्रवाल, मोहम्मद एजाज शरीफ, हसमत अली, शमशुल हसन, शान मोहम्मद, शहीदुल हसन, रिजवी सिद्दीकी, गौरव गुप्ता और संजीव यादव सहित अनेक व्यापारी नेता मौजूद रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)