पीलीभीत। जनपद की होनहार खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। बैनहर गुरुकुल की कक्षा 9 की छात्रा तनिष्का राणा का चयन सीबीएसई अंडर-17 क्रिकेट टीम में होने पर शुक्रवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने उन्हें अपने कार्यालय में आमंत्रित कर विशेष रूप से सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने तनिष्का को माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने छात्रा की उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे पूरे पीलीभीत के लिए गौरव का क्षण बताया।
छात्रा की इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय परिवार और जिले के खेल प्रेमियों में हर्ष की लहर है। इस अवसर पर उपस्थित नगर मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर, बैनहर एजुकेशन के प्रशासक डॉ. परविंदर सिंह सहमी और प्रबंध निदेशक गुरुदत्त सहमी ने तनिष्का को बधाई दी। डॉ. परविंदर सिंह सहमी ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि देश और विदेश के तमाम सीबीएसई विद्यालयों के खिलाड़ियों के बीच तनिष्का का चयन होना एक बड़ी उपलब्धि है। विशेष बात यह है कि चयन सूची में तनिष्का का नाम प्रथम स्थान पर है, जिससे यह प्रबल संभावना है कि वह इस प्रतिष्ठित टीम का नेतृत्व (कप्तानी) भी करेंगी।
सम्मान समारोह के दौरान तनिष्का राणा के माता-पिता भी उपस्थित रहे, जिनकी आंखों में अपनी बेटी की सफलता को लेकर गर्व साफ झलक रहा था। जिलाधिकारी ने कहा कि तनिष्का जैसी प्रतिभाएं अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और प्रशासन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सदैव तत्पर है। विद्यालय के शिक्षकों और प्रबंध तंत्र ने उम्मीद जताई है कि तनिष्का आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का प्रतिनिधित्व कर जनपद का मान बढ़ाएंगी।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)