वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के चाणक्य छात्रावास में एक दारोगा द्वारा अपने भाई के साथ मिलकर छात्र की बेरहमी से पिटाई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कानपुर में तैनात दारोगा ने न केवल छात्र के साथ मारपीट की, बल्कि हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद हॉस्टल परिसर में छात्रों के बीच भारी रोष व्याप्त है।

कमरा नंबर 72 बना अखाड़ा
जानकारी के अनुसार, चाणक्य छात्रावास के कमरा नंबर 72 में रहने वाले छात्र हर्ष और प्रशांत कुमार के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। बुधवार को विवाद इतना बढ़ा कि प्रशांत ने अपने भाई, जो कि पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर (SI) है, को हॉस्टल बुला लिया। आरोपी दारोगा की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है, जो कानपुर के कलेक्टरगंज थाने में तैनात है। 

हथियार से हमले का आरोप
पीड़ित छात्र हर्ष का आरोप है कि दारोगा मनोज कुमार अपने एक अन्य भाई मोहित के साथ कमरे में घुसा और आते ही उसे पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान दारोगा ने अपने सरकारी पद का धौंस दिखाते हुए उसे हथियार से डराया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित छात्र ने तुरंत बीएचयू प्रॉक्टोरियल बोर्ड को सूचित किया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
होस्टल के कमरों के बाहर और गैलरी में लगे CCTV कैमरों में आरोपी दारोगा और उसके साथियों की हरकतें कैद हो गई हैं। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दारोगा और उसके भाई छात्र के साथ अभद्रता कर रहे हैं। इन फुटेज को पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर अपने कब्जे में ले लिया है। 

लंका थाने में FIR दर्ज
बीएचयू प्रशासन की सक्रियता के बाद लंका पुलिस ने पीड़ित छात्र की तहरीर पर दारोगा मनोज कुमार समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक सरकारी कर्मचारी का इस तरह हॉस्टल में घुसकर गुंडागर्दी करना बेहद गंभीर है। मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है और जल्द ही दारोगा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की जा सकती है। 


खबरों की हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए ‘Adhunik Duniya’ पोर्टल और हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें। ‘आधुनिक दुनिया’ – आपकी खबर, हमारी नजर। 


(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *