अमरिया PILIBHIT। थाना क्षेत्र के अंतर्गत भौनी चौराहे के समीप हुए एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मृतका के पुत्र सय्यूम अली की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सय्यूम अली ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके पिता लल्लन शाह और माता नाजमा बेगम 06 अप्रैल को मोटरसाइकिल से अमरिया से अपने घर नौगवां पकड़िया जा रहे थे। जैसे ही वे भौनी चौराहे के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार नाजमा बेगम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं पति लल्लन शाह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी ट्रक चालक की तलाश कर रही है। इस घटना से मृतक महिला के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
खबरों की हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए ‘Adhunik Duniya’ पोर्टल और हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें। ‘आधुनिक दुनिया’ – आपकी खबर, हमारी नजर।