वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के जैतपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब कैंट-काशी रेलवे मार्ग पर सरैया इलाके में रेलवे ट्रैक के किनारे एक लोडेड एके-47 राइफल और गोलियों से भरी मैगजीन पड़ी मिली। घनी आबादी वाले इलाके में इस अत्याधुनिक हथियार के मिलने की सूचना से पुलिस महकमे और सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मच गई।
युवक ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह कुछ स्थानीय लोग रेलवे ट्रैक के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर लावारिस पड़े हथियार पर पड़ी। एक युवक ने तुरंत जैतपुरा पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) गौरव बंसवाल, एडीसीपी और एसीपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुँच गया। पुलिस ने तत्काल हथियार को अपने कब्जे में लिया और आरपीएफ (RPF) व जीआरपी (GRP) को भी मौके पर बुला लिया गया।
चुनावी ड्यूटी पर जा रहे जवान से गिरी थी राइफल
जांच और छानबीन के बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह एके-47 केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान की है। पुलिस के अनुसार, पश्चिम बंगाल चुनाव ड्यूटी के लिए सीआरपीएफ जवानों को लेकर जा रही एक स्पेशल ट्रेन इसी मार्ग से गुजरी थी। चलती ट्रेन से जवान का हथियार अचानक नीचे गिर गया था, जिसकी जानकारी संबंधित यूनिट को भी नहीं हो सकी थी।
हथियार को CRPF अधिकारियों को सौंपा गया
घटना की पुष्टि होने के बाद सीआरपीएफ के कमांडेंट और वरिष्ठ अधिकारी जैतपुरा थाने पहुँचे। आवश्यक कागजी कार्रवाई और पूरी जांच के बाद, पुलिस ने बरामद एके-47 राइफल और मैगजीन को विधिवत रूप से सीआरपीएफ कमांडर को सौंप दिया है। हालांकि, इस घटना ने सुरक्षा मानकों और जवानों की सतर्कता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)