​पीलीभीत। ब्लॉक संसाधन केंद्र बिलसंडा पर सोमवार को ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय विशाल रैली और नि:शुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) रोशनी सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय बिलसंडा के छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया।


​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने कहा कि विभाग का मुख्य लक्ष्य उन सभी बच्चों को विद्यालय लाना है, जो अभी तक शिक्षा की मुख्य धारा से नहीं जुड़ पाए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा नि:शुल्क शिक्षा, पाठ्य पुस्तकें और मिड-डे मील जैसी अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। बीएसए ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि कोई भी बच्चा नामांकन से वंचित न रहे और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजें। नगर पंचायत अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता ने बच्चों को नियमितता का पाठ पढ़ाया और बीएसए के अनुरोध पर घोषणा की कि नगर क्षेत्र के सभी विद्यालयों में जल्द ही डेस्क-बेंच उपलब्ध करा दी जाएगी।


​विधायक विवेक वर्मा ने कहा कि बेसिक शिक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के माध्यम से विद्यालयों की तस्वीर बदली जा चुकी है और अब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा की अलख घर-घर तक पहुंचनी चाहिए। विधायक ने आश्वासन दिया कि बीसलपुर विधानसभा के जिस भी विद्यालय में फर्नीचर की कमी होगी, वहां डेस्क-बेंच की व्यवस्था कराई जाएगी। विधायक और नगर अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर स्कूल चलो अभियान की रैली को रवाना किया।
​खंड शिक्षा अधिकारी शिव शंकर मौर्य ने शिक्षा को ‘अनमोल रतन’ बताते हुए कहा कि इसी के बल पर छात्र जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल कर सकते हैं। उन्होंने बीआरसी परिसर में संचालित विद्यालय के लिए आरओ सिस्टम प्रदान करने पर विधायक का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन एआरपी सोमपाल राठौर ने किया। इस दौरान बिलसंडा थानाध्यक्ष, उमेश मिश्रा, गजेंद्र प्रताप, सूरज पाल सिंह, मनोज शर्मा, जितेंद्र कुमार, गोपेश शर्मा, शिव प्रकाश मिश्रा, मुन्ना और शैलेंद्र गंगवार सहित भारी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *