पीलीभीत। उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक इकरा पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज, पीलीभीत में आयोजित की गई। परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सदस्यता अभियान को गति देने पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जनपद के समस्त विद्यालयों में जाकर अधिक से अधिक प्रधानाचार्यों को परिषद का सदस्य बनाया जाएगा।
बैठक के दौरान परिषद के संरक्षक श्री रमाकांत शर्मा के दुखद निधन के पश्चात स्काउट संस्था में रिक्त हुए कोषाध्यक्ष पद पर पूर्व जिला मुख्य आयुक्त डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी का नाम प्रस्तावित किया गया। उपस्थित प्रधानाचार्यों ने एकमत से इस प्रस्ताव को अपनी स्वीकृति दी और तय किया कि इस प्रस्ताव को आधिकारिक रूप से जिलाधिकारी अथवा सिटी मजिस्ट्रेट, पीलीभीत को प्रेषित किया जाएगा। साथ ही, आगामी 8 मार्च 2026 को राम कॉलेज में दोपहर 1:00 बजे सेवानिवृत्त होने वाले प्रधानाचार्यों के सम्मान हेतु विशेष समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रधानाचार्यों ने अवंती बाई बालिका इंटर कॉलेज, पीलीभीत की प्रधानाचार्य श्रीमती अजय चौहान के पुत्र के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। बैठक में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की गईं।
बैठक में परिषद के जिला अध्यक्ष अखलाक हसन खान, मंत्री योगेश गंगवार, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र गंगवार, शोभा वर्मा, सुमन देवी, डॉ. जावेद अहमद, रोहतास गंगवार, सतीश चंद्र गंगवार, मोहम्मद फिरोज, नूर अहमद, उपासना शर्मा, प्रतिमा चौहान, राजेश चंद्र, राजेश गौतम, राजेश गंगवार, हरीश कुमार, सुरेश चंद्र राय, मोहम्मद अतर, सोहेल अनवर, सुरेंद्र सिंह, राजकुमार शर्मा और नरेश चंद्र शुक्ला सहित अनेक प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)