​पीलीभीत। जनपद के अमरिया और जहानाबाद क्षेत्रों में अनाधिकृत बसों के संचालन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आज परिवहन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से एक सघन चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात विधिभूषण मौर्य और अमरिया थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र से गुजरने वाली और नो-पार्किंग में खड़ी बसों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई।
​जांच के दौरान तीन बसें परमिट शर्तों का उल्लंघन करते हुए संचालित होती पाई गईं, जिसके चलते विभाग ने तत्काल प्रभाव से इन तीनों बसों को सीज कर थाना अमरिया में खड़ा करवा दिया। नियमों की अनदेखी करने पर इन बसों के मालिकों पर क्रमश: 17,000, 17,000 और 18,000 रुपये का भारी-भरकम सम्मन शुल्क अधिरोपित किया गया है। साथ ही, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों के विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई की गई। विभाग ने वाहन स्वामियों और चालकों को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
​एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि परिवहन विभाग अवैध संचालन के खिलाफ लगातार सक्रिय है। पिछले 10 दिनों में जनपद के विभिन्न मार्गों पर चलाए गए अभियानों के तहत अब तक कुल 17 बसों के खिलाफ चालान और सीज की कार्रवाई की जा चुकी है, जिनसे 2,40,000 रुपये का प्रशमन शुल्क वसूला गया है। क्षेत्राधिकारी यातायात और एआरटीओ ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का पालन करवाने के लिए यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।

इस संयुक्त कार्रवाई के बाद से अमरिया और जहानाबाद के बस स्टैंडों पर सन्नाटा पसरा रहा और कई डग्गामार बसें रास्तों से गायब हो गईं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है।


आधुनिक दुनिया: खबर वही, जो सच के करीब।

पीलीभीत और उत्तर प्रदेश की हर महत्वपूर्ण खबर और अपडेट के लिए जुड़े रहें न्यूज़ पोर्टल तथा पेज ‘आधुनिक दुनिया’ [Adhunik Duniya] के साथ।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं। )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *