पीलीभीत। युवा व्यापार मंडल के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कपिल अग्रवाल ने दिल्ली स्थित कैंप कार्यालय में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद से भेंट कर जनपद की ज्वलंत समस्याओं और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अंगवस्त्र भेंट कर टनकपुर-अछनेरा ट्रेन को नियमित करने, इसका विस्तार मथुरा जंक्शन तक कराने और टनकपुर से नांदेड़ तक नई ट्रेन स्वीकृत कराने के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया। वार्ता के मुख्य बिंदु के रूप में उन्होंने अमरिया तहसील में गेहूं क्रय केंद्रों की कमी का मुद्दा उठाते हुए बताया कि अधिक उत्पादन के बावजूद वहां मात्र दो केंद्र संचालित हैं, जिससे किसानों को भारी असुविधा हो रही है। उन्होंने इस भेदभाव को समाप्त कर अमरिया में कम से कम 15 सरकारी केंद्र स्थापित करने की मांग की। इसके साथ ही ग्राम टांडा विजैसी में रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से प्रभावित परिवारों के लिए अंडरपास निर्माण और अमरिया को ग्राम पंचायत से नगर पंचायत का दर्जा देने पर जोर दिया गया।
क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए कपिल अग्रवाल ने मझोला में उपजिलाधिकारी द्वारा साप्ताहिक जनसुनवाई करने, वहां स्थाई फायर ब्रिगेड स्टेशन की स्थापना और मझोला पुलिस चौकी को रिपोर्टिंग चौकी के रूप में उन्नत करने का प्रस्ताव रखा। चर्चा में अमरिया तहसील के लिए मझोला में मंडी समिति की स्थापना, तहसील भवन निर्माण तक कार्यालय को गन्ना समिति के भवन में स्थानांतरित करने और पीलीभीत जिले को इलाहाबाद के बजाय लखनऊ हाईकोर्ट बेंच से जोड़ने की मांग भी शामिल रही। व्यापारिक हितों की रक्षा हेतु उन्होंने सीलबंद उत्पादों के सैंपल फेल होने पर विक्रेता के बजाय निर्माता को उत्तरदाई बनाने और जीएसटी को निर्माण स्थल पर सिंगल प्वाइंट टैक्स के रूप में लागू करने का सुझाव दिया। केंद्रीय मंत्री ने सभी 15 बिंदुओं पर गहन विमर्श करते हुए संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस अवसर पर आर्यांश अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
पीलीभीत और उत्तर प्रदेश की हर महत्वपूर्ण सामाजिक खबर और अपडेट के लिए जुड़े रहें न्यूज़ पोर्टल तथा पेज ‘आधुनिक दुनिया’ [Adhunik Duniya] के साथ।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)