अमरिया। शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए और नई पीढ़ी को उज्ज्वल भविष्य की राह दिखाने के उद्देश्य से अमरिया क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय हर्रायपुर में गुरुवार को नवीन शैक्षणिक सत्र के अवसर पर ‘स्कूल चलो अभियान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्प वर्षा कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने शिक्षा को सर्वोपरि बताया। उन्होंने अभिभावकों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि पढ़ाई-लिखाई प्रत्येक बच्चे के लिए अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिया कि आसपास कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों का आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजें, क्योंकि यही बच्चे भविष्य में आईएएस, पीसीएस, इंजीनियर और डॉक्टर बनकर देश की प्रगति में योगदान देंगे। जिलाधिकारी ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि आज परिषदीय विद्यालय सुविधाओं और शिक्षा के स्तर में किसी भी निजी विद्यालय से पीछे नहीं हैं।

सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि सरकार परिषदीय विद्यालयों में निशुल्क पाठ्य पुस्तकें, यूनिफॉर्म, मिड-डे-मील, उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल माध्यम, स्मार्ट क्लास, बेहतरीन लाइब्रेरी और खेल के मैदान जैसी सुविधाएं मुहैया करा रही है। उन्होंने 6 से 14 वर्ष की आयु के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने हरी झंडी दिखाकर एक जागरूकता रैली को रवाना किया, जिसमें बच्चों ने ‘पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल चलकर नाम लिखाओ’ जैसे स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया। साथ ही, कंपोजिट विद्यालय में फर्नीचर और सौंदर्यीकरण (टायलीकरण) के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए ग्राम प्रधान अफसार अहमद और पंचायत सचिव राम प्रकाश गंगवार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह, एसडीएम मयंक गोस्वामी, तहसीलदार विदेह सिंह, ब्लॉक प्रमुख निशान सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी उमेन्द्र दत्त त्रिपाठी सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक एवं अभिभावक मौजूद रहे।
शिक्षा, विकास और आपके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य से जुड़ी हर सटीक खबर के लिए जुड़े रहें हमारे न्यूज़ पोर्टल एवं पेज ‘आधुनिक दुनिया’ (Adhunik Duniya) के साथ। ✍️
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)