सितारगंज। उधमसिंह नगर पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज कोतवाली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान 3.41 ग्राम हेरोइन के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और इलाके के युवाओं को नशा सप्लाई करने का काम करता था।
जंगल में घेराबंदी कर दबोचा आरोपी
पुलिस के अनुसार, रविवार की रात जब कोतवाली पुलिस टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु गश्त पर थी, तभी गांव गोठा स्थित लिप्टिस के जंगल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को अपनी ओर आता देख आरोपी हड़बड़ा कर भागने लगा, जिसे जवानों ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
तलाशी में मिली हेरोइन, आरोपी ने कबूला जुर्म
पकड़े गए युवक ने अपना नाम दीपक सिंह (26 वर्ष), निवासी ग्राम मुड़लिया इलाही बक्श, अमरिया (पीलीभीत) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 3.41 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने यह नशा गुरु नानक नगरी के पास एक अज्ञात युवक से खरीदा था। वह स्वयं भी नशे का आदी है और पैसे कमाने के लालच में स्थानीय युवाओं को भी हेरोइन बेचता है।
न्यायालय में पेशी की तैयारी
सितारगंज पुलिस ने आरोपी दीपक सिंह के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उस मुख्य सप्लायर की तलाश कर रही है जिससे आरोपी ने हेरोइन खरीदी थी। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)