पीलीभीत। मझोला क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही प्रमुख समस्या का समाधान करते हुए मझोला-दूनी डाम मार्ग के पुनर्निर्माण का कार्य शुक्रवार से विधिवत रूप से आरंभ हो गया है। इस महत्वपूर्ण मार्ग की जर्जर हालत को देखते हुए स्थानीय व्यापारियों और निवासियों द्वारा लंबे समय से इसके सुधार की मांग की जा रही थी। राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने जनहित के इस मुद्दे को विशेष संज्ञान में लेते हुए लोक निर्माण विभाग के माध्यम से इसके निर्माण की स्वीकृति और बजट आवंटित कराया, जिसके बाद आज मशीनरी और श्रमिकों के साथ मौके पर कार्य शुरू करा दिया गया है।

मार्ग निर्माण शुरू होने पर राज्य मंत्री के प्रतिनिधि कपिल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गन्ना विकास राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार सहित लोक निर्माण विभाग का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जन समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु पूरी तरह दृढ़ संकल्पित है। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क का कार्य शुरू होने से क्षेत्र के व्यापारियों में विशेष उत्साह है, क्योंकि मार्ग की बदहाली के कारण उनका व्यापार और आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)