पीलीभीत। जनपद के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम महादेवा में एक मजदूर के बैंक खाते से पिछले छह महीनों में करीब 30 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन का बड़ा मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में गांव के ही निवासी आफताब ने जिलाधिकारी को शपथ पत्र के साथ शिकायती पत्र सौंपकर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस भारी-भरकम धनराशि के लेनदेन में ग्राम प्रधान के पति की मुख्य संलिप्तता है और आशंका जताई है कि खाते में भेजी गई धनराशि में ग्राम पंचायत की सरकारी निधि का पैसा भी शामिल हो सकता है।
शिकायत के अनुसार, गांव के एक साधारण मजदूर के खाते में 6 मई 2024 से अक्टूबर 2024 के बीच किश्तों में लगभग 30 लाख रुपये जमा किए गए। इस राशि की निकासी एक स्थानीय ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) संचालक के माध्यम से की जा रही थी। बताया जा रहा है कि जब सीएससी संचालक को एक मजदूर के खाते में इतनी बड़ी रकम आने पर संदेह हुआ, तो उसने आगे की धनराशि निकालने से साफ मना कर दिया। मामले की भनक लगते ही आफताब ने पूरे प्रकरण की जांच की मांग करते हुए प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है।
शिकायतकर्ता आफताब ने अपने शपथ पत्र में स्पष्ट रूप से प्रधान पति की भूमिका पर सवाल उठाए हैं और इस पूरे प्रकरण को सरकारी धन के बंदरबांट से जोड़कर देखा जा रहा है। जिलाधिकारी को दी गई इस शिकायत के बाद अब राजस्व और संबंधित विभाग की जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं। ग्रामीण क्षेत्र में एक मजदूर के खाते को जरिया बनाकर किए गए इस कथित फर्जीवाड़े ने प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)