पीलीभीत। स्थानीय उपाधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय में करियर काउंसलिंग सेल के तत्वावधान में मंगलवार को ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ‘ के बढ़ते प्रभाव और भविष्य की संभावनाओं पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। नाइलिटपीलीभीत के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को वर्तमान दौर की सबसे क्रांतिकारी तकनीक से अवगत कराना और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना था।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता नाईलेट से आए विशेष मिश्रा रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि वर्तमान युग पूरी तरह से तकनीक पर आधारित है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हमारे जीवन के हर क्षेत्र को गहराई से प्रभावित कर रहा है। उन्होंने भविष्य में रोजगार के उभरते अवसरों और एआई के माध्यम से कौशल विकास की बारीकियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कैसे यह तकनीक जटिल कार्यों को सुगम बना रही है और युवाओं के लिए करियर के नए द्वार खोल रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर दुष्यंत कुमार ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में विद्यार्थियों को केवल पारंपरिक शिक्षा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आधुनिक तकनीक के साथ तालमेल बिठाना अनिवार्य है। प्राचार्य ने जोर देकर कहा कि तकनीक का सही ज्ञान ही विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में टिकने और सफल होने में मदद करेगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन करियर काउंसलिंग प्रभारी डॉ. जितेंद्र नाथ मिश्रा द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यशाला के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को नई तकनीकों को निरंतर सीखने और आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. अनुपम कुमार, डॉ. दिवाकर सिंह, डॉ. राखी मिश्रा, डॉ. कविता कनौजिया और श्री मुकुल कुमार सहित महाविद्यालय का समस्त शिक्षण स्टाफ एवं भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)