पीलीभीत। जिला राइफल क्लब के तत्वावधान में आगामी 29 मार्च से 31 मार्च तक पुलिस लाइन शूटिंग रेंज में तीन दिवसीय भव्य शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिला राइफल क्लब के सचिव एवं सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर ने मंगलवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान इस प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनपद में शूटिंग खेल को बढ़ावा देना और युवाओं की प्रतिभा को निखारना है। प्रतियोगिता में कुल 29 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, जिन्हें मुख्य रूप से छह विशिष्ट वर्गों में विभाजित किया गया है। इन वर्गों में माननीय व राजपत्रित अधिकारी, खुली स्पर्धा, स्टेट व नेशनल खिलाड़ी, सीनियर सिटीजन, बालक-बालिका व महिला वर्ग तथा गेस्ट वर्ग को शामिल किया गया है।
प्रतियोगिता के तकनीकी पक्षों की जानकारी देते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि मुख्य रूप से पांच इवेंट्स आयोजित होंगे, जिनमें .22 बोर, .32 बोर, .12 बोर और 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए एयर गन स्पर्धा शामिल है। पहली बार शूटिंग के प्रति बच्चों में रुझान पैदा करने के लिए अंडर-12 वर्ग में बालक-बालिकाओं को एयर गन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक प्रतिभागी केवल एक ही कैटेगरी में हिस्सा ले सकता है। सुरक्षा और पारदर्शिता के दृष्टिगत प्रतियोगिता में उपयोग किए गए कारतूसों के खाली खोखे वापस करना अनिवार्य होगा। साथ ही, सभी प्रतिभागियों को प्रवेश फॉर्म के साथ अपने मोबाइल नंबर और आधार कार्ड की फोटोकॉपी संलग्न करनी होगी।
प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण शुल्क की संरचना भी निर्धारित कर दी गई है। सामान्य श्रेणी के लिए प्रत्येक इवेंट की एंट्री फीस 500 रुपये, राइफल क्लब के सदस्यों के लिए 200 रुपये, जबकि छात्र-छात्राओं और महिलाओं के लिए रियायती दर पर 100 रुपये फीस रखी गई है। विजयवर्धन तोमर ने बताया कि जिले के युवाओं और बालिकाओं को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने के लिए सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों को पत्र लिखकर अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है। इस आयोजन से जनपद के उभरते हुए निशानेबाजों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए एक उचित मंच प्राप्त होगा।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)