​पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को तहसील कलीनगर में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जन-सुनवाई के दौरान कुल 14 शिकायती प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से एक शिकायत का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने एक विशेष पहल के तहत मृतक खातेदारों की वरासत की खतौनी उनके कानूनी वारिसों को सौंपी, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली।
​प्रार्थना-पत्रों पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि विभागीय शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई न करें, बल्कि स्वयं मौके पर जाकर मुआयना करें और दोनों पक्षों की मौजूदगी में पारदर्शिता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने सचेत किया कि मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जन-सुनवाई की शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की निरंतर जांच की जा रही है, इसलिए सभी अधिकारी पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड करने से पूर्व संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित करें।
​राजस्व संबंधी विवादों के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जहाँ पुलिस बल की आवश्यकता हो, वहाँ पुलिस प्रशासन को साथ लेकर मौके पर निस्तारण कराया जाए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक कुमार, उप जिलाधिकारी व तहसीलदार कलीनगर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *