पीलीभीत। जनपद में रोलर स्पोर्ट्स और स्केटिंग प्रतिभाओं को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से ‘उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन, पीलीभीत’ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। गौहनिया रोड स्थित श्री रसोई में संपन्न हुई इस बैठक की अध्यक्षता जिला ओलंपिक संघ के जिला अध्यक्ष अनिल महेंद्रू ने की, जिसमें सर्वसम्मति से जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया और आगामी खेल प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तैयार की गई।
नवनियुक्त कार्यकारिणी में अनिल महेंद्रू, डॉ.अमिताभ अग्निहोत्री और अरविंद गुप्ता को संरक्षक मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। देवेन्द्र छाबड़ा को जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है, जबकि उपाध्यक्ष पद पर स्वतन्त्र देवल, सौरभ सक्सेना (सुमन कम्प्यूटर), सौरभ सक्सेना, रवि शर्मा, जगदीश सक्सेना और हितेंद्र नाथ मिश्रा को चुना गया है। संगठन के कुशल संचालन हेतु अभिषेक पांडे को सचिव, शिवम कश्यप को सह-सचिव, शालिनी पांडे को संयुक्त सचिव, अंशुमन तिवारी को कोषाध्यक्ष और अमित गुप्ता को सह-कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त हितेश शुक्ला को आय-व्यय निरीक्षक, मनोज राना को आईटी संयोजक और अभिषेक प्रजापति को मीडिया प्रभारी का दायित्व दिया गया है।
बैठक में विशेष आमंत्रित सदस्यों के रूप में हरिपाल यादव, दिवाकर वर्मा, संजय पांडे, अकलिम अहमद मलिक, ललित श्रीवास्तव और अद्वितीय अग्निहोत्री को नामित किया गया। नवगठित कार्यकारिणी ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया कि जिले में छात्रों और युवाओं के लिए नियमित रूप से नए खेल कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि पीलीभीत का नाम खेल जगत में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हो सके।
इस अवसर पर एसोसिएशन द्वारा आगामी खेल कैलेंडर की घोषणा करते हुए बताया गया कि 11 और 12 अप्रैल 2026 को जिला स्तरीय ‘ओपन स्केटिंग चैंपियनशिप’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक बड़ा मंच प्राप्त होगा। बैठक के अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)