अमरिया। सोशल मीडिया के दुरुपयोग और द्वेषपूर्ण हरकतों ने एक परिवार की खुशियों को ग्रहण लगा दिया है। उत्तर प्रदेश के जिला पीलीभीत अमरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक द्वारा इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक फोटो और संदेश भेजने के कारण एक युवती का तय हो चुका रिश्ता टूट गया। इस घटना से पीड़ित परिवार को भारी सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ रहा है।
कस्बा अमरिया निवासी चंद्रपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री का रिश्ता करीब दो माह पूर्व नवादा श्यामपुर निवासी वीर सिंह के साथ तय किया था। आरोप है कि बहेड़ी (बरेली) के ग्राम आदलपुर निवासी सुभाष अपने एक साथी के साथ मिलकर उनके होने वाले दामाद को इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक सामग्री और भ्रामक संदेश भेज रहा था। इन हरकतों का परिणाम यह हुआ कि वीर सिंह के परिवार ने रिश्ता तोड़ दिया।
पीड़ित पिता का यह भी आरोप है कि उक्त आरोपी पूर्व में भी एक बार उनकी पुत्री का रिश्ता तुड़वा चुका है। बार-बार की जा रही इन हरकतों से परिवार की प्रतिष्ठा को गहरा आघात लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)