रुद्रपुर। कोतवाली पुलिस ने बिंदुखेड़ा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव में दहशत फैलाने और लोगों को डराने के उद्देश्य से हथियार लेकर घूम रहा था। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार उप निरीक्षक दीपक बहुगुणा पुलिस टीम के साथ भूरारानी और बिंदुखेड़ा क्षेत्र में गश्त पर थे।
इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि सुखदेव सिंह उर्फ फतेह पुत्र जीत सिंह, निवासी बिंदुखेड़ा, रायपुर की ओर जा रहा है और उसके पास नाजायज असलहा है। मुखबिर ने यह भी बताया कि उक्त युवक आए दिन गांव वालों को डराता-धमकाता रहता है और किसी संगीन घटना को अंजाम दे सकता है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिंदुखेड़ा- रायपुर रोड पर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी की पुलिस को देखते ही युवक ने भागने का प्रयास किया लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे पुलिया के पास दबोच लिया।तलाशी लेने पर अभियुक्त सुखदेव के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यह तमंचा किसी अज्ञात व्यक्ति से 5000 रुपये में खरीदा था। उसने बताया कि कुछ समय पूर्व उसका गांव वालों से विवाद हुआ था, जिसके बाद वह टशन दिखाने और उन्हें डराने के लिए तमंचा अपने पास रखता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से वीडियोग्राफी भी की गई।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक बहुगुणा के साथ कांस्टेबल विजय दरमाल और किशन सिंह शामिल रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)