अमरिया। थाना क्षेत्र के गांव धुंधरी में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर सामान ले जाते समय सीढ़ियों से पैर फिसलने के कारण एक युवक की गिरकर मृत्यु हो गई। इस घटना से मृतक के परिवार में मातम छा गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी महेंद्र पाल गुरुवार सुबह रेत से भरा एक कट्टा लेकर घर की छत पर जा रहा था। अभी वह तीसरी सीढ़ी तक ही पहुँचा था कि अचानक उसका पैर फिसल गया। भारी कट्टे के साथ जमीन पर गिरने के कारण महेंद्र पाल को गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महेंद्र पाल मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मृत्यु की खबर मिलते ही पत्नी कमलेश बदहवास हो गई। मृतक अपने पीछे तीन बच्चे—संजय (15), शिवा (13) और पुत्री प्रीति (11) छोड़ गया है। पिता के आकस्मिक निधन से बच्चों के सिर से साया उठ गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)