काबुल/अफगानिस्तान: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार रात को पाकिस्तानी वायुसेना द्वारा किए गए एक भीषण हवाई हमले में कम से कम 400 लोगों की मौत हो गई, जबकि 250 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार, पाकिस्तानी विमानों ने अंतरराष्ट्रीय नियमों और अफगानिस्तान की हवाई सीमा का उल्लंघन करते हुए काबुल स्थित एक नशा मुक्ति अस्पताल को निशाना बनाया। इस हमले में अस्पताल का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया है, जिसमें इलाज करा रहे मरीज और स्वास्थ्य कर्मी मलबे में दब गए।

यह हमला उस समय हुआ जब कुछ ही घंटों पहले दोनों देशों की सीमा पर भारी गोलाबारी की खबरें आई थीं। अफगानिस्तान के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत रिचर्ड बेनेट और अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार फाउंडेशन ने इस हमले की कड़ी निंदा की है, और कहा है कि अस्पतालों जैसे सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाना युद्ध अपराध की श्रेणी में आता है। काबुल में स्थिति इस समय बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है और स्थानीय निवासियों ने शहर के ऊपर लगातार पाकिस्तानी विमानों की हलचल की सूचना दी है। पिछले कुछ हफ्तों में पाकिस्तान द्वारा किए गए इन हमलों में आम नागरिकों के हताहत होने का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *