दियोरिया कला। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अकोड़ा में सोमवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में एक झोपड़ी में आग लग गई। इस दुर्घटना में झोपड़ी के भीतर रखा अनाज, बिस्तर, बर्तन और गैस सिलेंडर सहित हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित के अनुसार, झोपड़ी में रखे किसान सम्मान निधि के नकद रुपये भी आग की भेंट चढ़ गए। सूचना पर पहुँचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ग्राम अकोड़ा निवासी लालाराम सक्सेना गांव के उत्तर-पूर्व दिशा में तालाब के किनारे झोपड़ी बनाकर रहते हैं। लालाराम ने बताया कि सोमवार सुबह लगभग तीन बजे अचानक उनकी झोपड़ी में आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। झोपड़ी में रखे बिस्तर, चारपाई, चौकी, बर्तन, कपड़े और अनाज पूरी तरह जल गए। पीड़ित ने अत्यंत दुखी होकर बताया कि उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि के जो दो हजार रुपये निकालकर रखे थे, वे भी इस अग्निकांड में जलकर नष्ट हो गए।
आग लगने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और निजी संसाधनों से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। कड़ी मेहनत के बाद ग्रामीणों ने आग को फैलने से रोका। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान नरेश कुमार मौके पर पहुँचे और पीड़ित को ढांढस बंधाया। ग्राम प्रधान ने तत्काल इस नुकसान की सूचना राजस्व विभाग के क्षेत्रीय लेखपाल को दी है, ताकि सरकारी प्रावधानों के अनुरूप पीड़ित को आर्थिक सहायता मिल सके। पीड़ित लालाराम ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाए जाने की आशंका व्यक्त की है।
