पीलीभीत। जनपद की सर्विलांस और साइबर क्राइम टीम ने पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के कुशल नेतृत्व में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए विभिन्न क्षेत्रों से गुम हुए 206 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए इन मोबाइलों की कुल कीमत 24 लाख 39 हजार 440 रुपये आंकी गई है। पुलिस कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्वयं सभी मोबाइल स्वामियों को उनके फोन वापस सौंपे, जिसके बाद मोबाइल स्वामियों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मोबाइल गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष अभियान चलाया गया था। सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल के प्रभावी पर्यवेक्षण में साइबर टीम को इन मोबाइल फोनों को ट्रैक करने और बरामद करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। तकनीकी विश्लेषण और निरंतर प्रयास के माध्यम से टीम ने सफलता हासिल की और रिकॉर्ड संख्या में फोन बरामद किए। एसपी ने साइबर टीम की इस कार्यप्रणाली और तत्परता की मुक्तकंठ से सराहना की।

बरामद हुए मोबाइल फोन लेने के लिए शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पुलिस कार्यालय पहुँचे थे। अपना खोया हुआ कीमती फोन और उसमें मौजूद जरूरी डेटा वापस पाकर लोगों ने राहत की सांस ली। कई मोबाइल स्वामियों ने बताया कि उन्हें अपना फोन वापस मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो गई थी, लेकिन पुलिस के इस सकारात्मक प्रयास ने उनका विश्वास और मजबूत किया है। पुलिस अधीक्षक ने इस दौरान आम जनता से अपील की कि वे अपने मोबाइल और अन्य कीमती सामान के प्रति जागरूक रहें और गुम होने की स्थिति में तत्काल सूचना दर्ज कराएं।
