रूद्रपुर। मुख्य बाजार स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वैलरी शॉप में काम करने वाले कर्मचारी द्वारा चांदी के जेवर चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद घर में बीमारी का बहाना बनाया और दुकान से रफूचक्कर हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद दुकान स्वामी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।जे.जे ज्वैलर्स के स्वामी हरदीप भल्ला ने बाजार चौकी पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी दुकान पर संजय नाम का युवक काम करता है जो मूल रूप से सितारगंज का निवासी है। गत शनिवार 14 फरवरी को दोपहर करीब 1ः40 से 1ः55 बजे के बीच आरोपी संजय ने दुकान से करीब 200 ग्राम वजन की एक चांदी की ब्रेसलेट और चेन चोरी कर ली। चोरी करने के बाद उसने अपनी भाभी के मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती होने का बहाना बनाया और दुकान से चला गया। दुकान स्वामी के अनुसार संजय का चांदी के फ्लोर पर जाना प्रतिबंधित था जिससे उन्हें उस पर शक हुआ। दुकान में भीड़ होने के कारण उस समय सामान की जांच नहीं हो सकी लेकिन बाद में जब सामान अस्त-व्यस्त मिला तो सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज में आरोपी कैमरे के ‘ब्लाइंड स्पॉट’ का फायदा उठाकर जेवरों को अपनी पैंट की बेल्ट के पास छिपाते हुए साफ नजर आया ताकि वह मेटल डिटेक्टर की पकड़ में न आ सके। पीड़ित ज्वैलर ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने पहले भी इसी तरह चोरी की घटना को अंजाम दिया था लेकिन उस समय पुख्ता सबूत न होने के कारण मामला सामने नहीं आ सका था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई संतोष कुमार द्वारा की जा रही है।
Background screen saver on breaking news. Business / Technology News Background. Breaking News Live on World Map Background