​पीलीभीत। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने सोमवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों और परिषदीय विद्यालयों का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चार प्रमुख बोर्ड परीक्षा केंद्रों राजकीय इंटर कॉलेज पौटा कला, महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज जौरह कल्याणपुर, पंडित देवदत्त शर्मा इंटर कॉलेज बरखेड़ा और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बरखेड़ा का भ्रमण किया। सभी केंद्रों पर बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संचालित पाई गईं। हालांकि, इसके उपरांत परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान छात्रों की कम उपस्थिति को लेकर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित स्टाफ को सुधार के कड़े निर्देश दिए।


​निरीक्षण की कड़ी में जब बीएसए कंपोजिट स्कूल जोरहा कल्याणपुर पहुंचीं, तो वहां छात्र-छात्राओं की बेहद कम संख्या देखकर उन्होंने शिक्षकों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि मार्च माह में परीक्षाएं प्रस्तावित हैं, इसके बावजूद उपस्थिति का यह स्तर स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को स्कूल लाना सुनिश्चित करें। इसके विपरीत, प्राथमिक विद्यालय पौटा कला में व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलने पर उन्होंने वहां के शिक्षकों की सराहना की और शैक्षणिक गुणवत्ता को बनाए रखने पर बल दिया।
​निरीक्षण के अंतिम चरण में प्राइमरी स्कूल ब्रह्मदेव गोटिया में स्थिति चिंताजनक पाई गई, जहां ६१ छात्र-छात्राओं के सापेक्ष मात्र २५ विद्यार्थी उपस्थित थे। इस पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक बुलाकर अभिभावकों को प्रेरित किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि छात्र उपस्थिति बढ़ाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं और हर बच्चे की नियमित भागीदारी सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं बच्चों से सवाल-जवाब कर उनकी शैक्षिक गुणवत्ता को भी परखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *