पीलीभीत। शहर के निजी मून लाइट कैफे में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की युवा इकाई का भव्य शपथ ग्रहण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम के माध्यम से संगठन की शक्ति को और अधिक धार देने के लिए बड़ी संख्या में नए व्यापारियों को मुख्यधारा से जोड़ा गया। युवा विंग के जिला अध्यक्ष शैली शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुँचे प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल महेंद्रू, जिला अध्यक्ष एम. ए. जिलानी एवं नगर अध्यक्ष रणवीर पाठक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कार्यकारिणी के नए सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल महेंद्रू ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि संगठन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है और हर विपरीत परिस्थिति में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। जिला अध्यक्ष एम. ए. जिलानी ने कड़े शब्दों में कहा कि किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ‘एकता’ का मंत्र देते हुए कहा कि एक साथ आना महज शुरुआत है, साथ बने रहना प्रगति है और साथ मिलकर काम करना ही वास्तविक सफलता है। वहीं नगर अध्यक्ष रणवीर पाठक ने स्थानीय व्यापारियों से संगठन से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि एकजुटता से ही व्यापारियों की आवाज़ शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुँचती है।
युवा जिला अध्यक्ष शैली शर्मा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर और मुँह मीठा कराकर स्वागत किया। उन्होंने प्रेरणादायक पंक्तियों के माध्यम से युवाओं में जोश भरते हुए कहा, “भेदभाव को दूर भगाओ, सबको अपने गले लगाओ, एकता की शक्ति से नई दुनिया को सजाओ।” उन्होंने जोर देकर कहा कि जब टीम साथ होती है, तो हर मुश्किल आसान हो जाती है। इस विस्तार के तहत संजीव गोस्वामी को युवा जिला प्रवक्ता, शिवम् प्रजापति को युवा जिला महासचिव, भूपेन्द्र राठौर व आतिर को युवा जिला सचिव तथा शुऐब, अरशद शम्सी, दीपक राठौर और केतन बाहरी को युवा जिला मंत्री मनोनीत किया गया।
इस अवसर पर युवा जिला संगठन मंत्री रजी अंसारी, जिला युवा मंत्री ताबिश, अभिलाष गुप्ता, हर्षित गंगवार, राजेश मौर्या सहित संगठन के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारीगण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने और व्यापारियों के हितों की रक्षा करने का सामूहिक संकल्प लिया।