​पीलीभीत। जनपद में पुलिस अनुशासन और कार्यकुशलता को परखने के उद्देश्य से आज, 13 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित शुक्रवार की परेड की सलामी ली गई। सलामी के उपरांत उन्होंने उपस्थित समस्त पुलिसकर्मियों को परेड का अभ्यास कराया और शस्त्र ड्रिल के माध्यम से उनकी दक्षता की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल को शारीरिक चुस्ती-फुर्ती और अनुशासित रहने के कड़े निर्देश दिए।


​परेड के पश्चात पुलिस अधीक्षक ने यूपी-112 की गाड़ियों (पीआरवी) का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने पीआरवी चालकों से संवाद कर वाहनों की स्थिति और उनके रख-रखाव में आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही, उन्होंने वाहनों में उपलब्ध जीवन रक्षक उपकरणों की जांच की और आपातकालीन स्थिति में उनके प्रभावी प्रयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्री मिश्रा ने सभी पुलिसकर्मियों को सरकारी शस्त्रों के सही रख-रखाव एवं सुरक्षित संचालन की बारीकियों से भी अवगत कराया।


​निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर स्थित विभिन्न शाखाओं का भ्रमण किया। उन्होंने परिवहन शाखा, भोजनालय, आरटीसी बैरक, क्वाटरगार्ड, कम्पोजिट कन्ट्रोल रूम और वात्सल्य कक्ष का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परिसर में उच्च स्तरीय स्वच्छता और प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु उन्होंने प्रतिसार निरीक्षक को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *