सितारगंज। फर्नीचर दुकान से उधार लिए गए डबल बेड के बकाया रुपये मांगने पर विवाद होने का मामला सामने आया है। दुकानदार ने आरोप लगाया कि बकाया रकम मांगने से नाराज व्यक्ति के परिजनों ने अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचकर उसके और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे दुकानदार के भाई को भी पीटकर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चिंतीमजरा वार्ड निवासी फैजुल हसन के अनुसार, नकुलिया रोड पर उनकी फर्नीचर की दुकान है। उन्होंने बताया कि 19 अक्टूबर को गांव गोरीखेड़ा निवासी अ सद उनसे एक डबल बेड ले गया था। इसके लिए अ सद ने चार हजार रुपये दिए थे, जबकि शेष 16 हजार रुपये उसी दिन देने की बात कही थी।

फैजुल हसन का आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर अ सद के बेटे ने फोन कर गाली-गलौज की। इसके बाद उसके भाई ने भी फोन कर धमकियां दीं।

दुकान पर पहुंचकर मारपीट का आरोप

दुकानदार के मुताबिक, रात करीब नौ बजे फराज, हमजा और राजा अपने कुछ साथियों के साथ कार से दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने दुकान में घुसकर उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

शोर सुनकर उनकी पत्नी नाजिया बेगम और बेटी जोयामा अनीस बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। इसी दौरान दुकानदार के भाई बख्तावर भी मौके पर पहुंच गए।

बीच-बचाव करने पहुंचे भाई को आई चोटें

फैजुल हसन ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके भाई बख्तावर के साथ भी मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उनके भांजे मोहम्मद दिलशाद ने आपातकालीन सेवा 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से जा चुके थे। घायल बख्तावर को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल सितारगंज में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रकरण की विवेचना की जा रही है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi