सितारगंज। किच्छा हाईवे पर स्थित आरके ढाबा के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दो बेटियों के साथ अभिभावक शिक्षक बैठक (पीटीएम) में शामिल होने जा रही महिला को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 6 वर्षीय बेटी और मां की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, उसकी 9 वर्षीय बेटी बाल-बाल बच गई। हादसे के बाद घटनास्थल के आसपास अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया।

शनिवार को दड़हाफार्म, उत्तरांचल कॉलोनी निवासी मीनू देवी (34) अपनी दो बेटी अनिष्का (7) और राधिका (10) के साथ अभिभावक शिक्षक बैठक में शामिल होने के लिए पंडरी स्थित विद्यालय जा रही थी। वह किच्छा हाईवे पर आर ढाबे के पास सड़क किनारे खड़े होकर ई-रिक्शा का इंतजार कर रही थी। तभी किच्छा की ओर से आई एक कार ने मां-बेटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि, बेटी राधिका छिटक कर दूर जा गिरी, जिससे वह बाल बाल बच गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। घटनास्थल के आसपास लोगों का जमावड़ा लग गया।

वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उप जिला अस्पताल, सितारगंज में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इधर, सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। चालक से पूछताछ की जा रही है।