पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व की महोफ रेंज में बृहस्पतिवार को एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। चौगेबी इलाके से सीमा मार्ग (बॉर्डर रोड) की ओर निकले हाथी ने 108 मचान के पास बने अस्थायी टेंट और टॉयलेट को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान वहां रखा गश्त रजिस्टर (पेट्रोलिंग रजिस्टर) भी नष्ट हो गया। घटना के बाद हाथी वापस महोफ 108 कंपार्टमेंट के जंगल में चला गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार दोपहर को जंगली हाथी चौगेबी 104 मचान से सीमा मार्ग होते हुए महोफ 108 मचान पर पहुंचा। मचान के समीप बने अस्थायी टेंट और टॉयलेट को देखते ही हाथी ने हमला कर दिया और उन्हें तहस-नहस कर दिया। गश्त के दौरान इस्तेमाल होने वाला आधिकारिक रजिस्टर भी इस तोड़फोड़ की चपेट में आकर नष्ट हो गया।

हाथी की मूवमेंट चौगेबी से बाघ की तरफ सीमा मार्ग पर देखी गई, जिसके बाद वह पुनः महोफ 108 कंपार्टमेंट के घने जंगल में लौट गया। वनकर्मियों की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आसपास के क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है।
