गदरपुर। बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से गदरपुर थाना पुलिस ने एक विद्यालय में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई।

एसएसपी ऊधमसिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में जिले में साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गदरपुर पुलिस ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के नियमों की जानकारी देकर ऑनलाइन सतर्कता बरतने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने छात्र-छात्राओं को बताया कि वे अपना ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। बैंकिंग से संबंधित गोपनीय जानकारी मांगने वाले संदिग्ध कॉल और संदेशों से सावधान रहने की भी सलाह दी गई।

पुलिस ने अनजान नंबरों से आने वाली संदिग्ध कॉल, मैसेज और लिंक पर क्लिक न करने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर निजी जानकारी, फोटो और वीडियो साझा करते समय सावधानी बरतने तथा किसी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से पहले उसकी पहचान की जांच करने के लिए कहा।

विद्यार्थियों को ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी नौकरी के ऑफर, इनाम और लॉटरी के नाम पर होने वाली ठगी के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने समझाया कि लालच देने वाले संदेशों और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से सतर्क रहना साइबर ठगी से बचाव का महत्वपूर्ण तरीका है।

कार्यक्रम में साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने और www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

ऊधमसिंह नगर पुलिस ने विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने, अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi