दियोरिया कला। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के माला रेंज के जंगल से निकले तीन हाथियों की चहलकदमी से दियोरिया क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ गई है। हाथी दियोरिया रेंज के जंगल से निकलकर कई गांवों से होते हुए घुंघचइया तक पहुंच गए। खेतों में हाथियों के पदचिह्न मिलने और फसलों को नुकसान पहुंचने से किसान परेशान हैं।
जानकारी के अनुसार, हाथी दियोरिया कला के ग्राम प्रधान अजय सिंह के फार्म हाउस के आसपास से होते हुए बसेंगा, मीरपुर रतनपुर, अकोड़ा और नौगमियां के रास्ते बड़ागांव तथा घुंघचइया तक पहुंचे। इस दौरान गन्ने के खेतों में हाथियों के गुजरने से फसलों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।
क्षेत्र में धान की फसलें पककर तैयार खड़ी हैं और उनकी कटाई भी शुरू हो गई है। ऐसे में खेतों से हाथियों के गुजरने से धान और गन्ने की फसलों को नुकसान होने की आशंका किसानों की चिंता बढ़ा रही है। किसानों का कहना है कि हाथियों की आवाजाही से फसलें रौंदे जाने का खतरा बना हुआ है।
दियोरिया क्षेत्र में हाथियों की दस्तक से किसानों को पिछले साल की घटना भी याद आ रही है। उस समय बरखेड़ा क्षेत्र में गेहूं की बुवाई के करीब दो महीने बाद हाथियों का झुंड पहुंचा था। हाथी बर्रामऊ होते हुए मूसेपुर तक गए थे। अब दियोरिया क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही से किसानों की चिंता बढ़ गई है, खासकर ऐसे समय में जब गन्ने की फसल खेतों में तैयार खड़ी है।

इस संबंध में दियोरिया रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी दिनेश गिरि ने बताया कि माला जंगल से तीन हाथियों के आने की सूचना मिली थी। उनके अनुसार, हाथी घुंघचइया तक पहुंचने के बाद वापस जंगल में लौट गए।