नानकमत्ता। ऊधमसिंहनगर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नानकमत्ता कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 92 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली नानकमत्ता, चौकी बिसौटा और चौकी प्रतापपुर की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग और छापेमारी की। इस दौरान दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि पक्की खमरिया निवासी सुरेन्द्र सिंह उर्फ घुक्की पुत्र महेन्द्र सिंह के कब्जे से करीब 52 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। वहीं, ग्राम हरैया निवासी 21 वर्षीय मंगत सिंह पुत्र बन्ता सिंह के पास से 40 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।

दोनों आरोपियों के खिलाफ क्रमशः एफआईआर संख्या 264/2026 और 265/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने उनके विरुद्ध धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

ऊधमसिंहनगर पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi