सितारगंज। सितारगंज निवासी एक युवक के गले पर चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेहोशी की हालत में उफ जिला अस्पताल सितारगंज में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, मामले में घायल युवक के पिता ने गांव के ही एक युवक पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
गांव विरेंद्र नगर निवासी राम प्रवेश ने बताया कि 19 अक्टूबर को उसका बेटा पवन कुमार (19) देर शाम को घर पहुंचा। उसके पीछे गांव निवासी चंदन कुमार उर्फ मोदी अपनी बहनों के साथ वहां पहुंचा।
इस दौरान चंदन ने पवन पर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया। साथ ही, उसे गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह वहां से चला गया। कुछ समय बाद पवन की मां शीला ने उसे घर के अंदर फर्श पर बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। उसके गले से खून बह रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल उप जिला अस्पताल सितारगंज पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। आरोप लगाया कि चंदन कुमार ने उसके बेटे के साथ मारपीट कर उसके गले पर चोट पहुंचाई। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि अब युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।