सितारगंज। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए ऊर्जा निगम ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में निगम की टीम ने पहाड़ी उकरौली गांव में छापेमारी कर छह लोगों को कथित तौर पर बिजली चोरी करते पकड़ा। मामले में पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
एसडीओ हर्षित जायसवाल के अनुसार अधिशासी अभियंता (ईई) चंदन सिंह बस्नेत के नेतृत्व में जेल कैंप क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान पहाड़ी उकरौली गांव में जांच की गई।
ऊर्जा निगम की टीम ने गांव निवासी बसंत, छिंदो देवी, सूर्यकांत मंडल, मलखान सिंह, रमेश शॉ और ओमवती को कथित तौर पर विद्युत लाइन में अवैध कटिया डालकर तथा मीटर से पहले केबल काटकर बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा।
एसडीओ ने बताया कि अवर अभियंता (जेई) अमित कुमार की ओर से सभी छह आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
अभियान में एसडीओ विजिलेंस पुनीत कुमार, लाइनमैन नितेश सिंह, ध्यान सिंह, सतेंद्र सिंह और पूरन भट्ट सहित ऊर्जा निगम के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।