हल्द्वानी। यहां मंडी परिसर में उस समय सनसनी फैल गई जब लोगों ने एक युवक और युवती की खून से सनी लाशें देखी। दोनों की हत्या बहुत ही बेरहमी से की गई हैं। युवक और युवती के चेहरों को पत्थर से ऐसे कुचला गया है कि पुलिस को उनकी शिनाख्त करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह श्रमिक जब मंडी में काम करने पहुंचे तो उन्हें युवक और युवती के शवों को खून से लथपथ बुरी हालत में पड़ा देखा। जिसके तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को इत्तला दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एतिहातन पूरे परिसर को घेरकर जांच शुरू की। युवती की उम्र करीब 20 से 22 साल और युवक की करीब 25 साल बताई जा रही है। युवक की जेब से एक आईडी बरामद हुई है, जिसके आधार पर उसकी पहचान की पुष्टि की कोशिश की जा रही है। वहीं युवती की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है।
घटनास्थल पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता सहित भारी पुलिस बल पहुंचा हुआ है और घटनास्थल का निरीक्षण जा रहा है। पुलिस वारदात को लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। बेरहमी से हुई इन हत्याओं को लेकर शहर में विभिन्न चर्चाओं का बाजार गर्म है।