खटीमा। खेतलसंडा खाम क्षेत्र में युवती से कथित छेड़छाड़ के विरोध के बाद उसके पिता की मौत के मामले में खटीमा पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को 30 सितंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 27 सितंबर 2026 की है। खेतलसंडा खाम स्थित सरकारी नल के पास पानी लेने गई एक युवती के साथ छेड़छाड़ किए जाने का आरोप है। युवती के पिता रोहित द्वारा इसका विरोध करने पर नामजद आरोपी संजय और सुभाष, दोनों निवासी खेतलसंडा खाम, पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप है।
तहरीर के अनुसार, इस दौरान आरोपी संजय ने चारपाई की पाटी से रोहित के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए अलग-अलग चिकित्सालयों में लेकर गए। पुलिस के अनुसार उपचार के लिए ले जाते समय 28 सितंबर को करीब नौ बजे रोहित की मौत हो गई।
मामले में वादिनी की तहरीर के आधार पर कोतवाली खटीमा में मु0अ0सं0 297/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 103(1), 117(2), 3(5) और 74 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।
SSP के निर्देश पर शुरू हुई गिरफ्तारी की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों का गठन कर संभावित स्थानों पर दबिश देने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी की गई।
पुलिस के अनुसार, लगातार किए जा रहे प्रयासों के बीच 29 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुराने रेलवे फाटक, खेतलसंडा के पास से दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष पुत्र स्वर्गीय रामभरोसे, उम्र करीब 33 वर्ष और संजय पुत्र स्वर्गीय रामभरोसे, उम्र करीब 35 वर्ष, दोनों निवासी खेतलसंडा खाम, थाना खटीमा, ऊधमसिंहनगर के रूप में की है।
पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें 30 सितंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले की विवेचना अभी जारी है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुण्ठी, व0उ0नि0 केसी आर्य, उपनिरीक्षक राकेश राय, हेड कांस्टेबल गणेश कुमार और कांस्टेबल चालक कुलदीप सिंह शामिल रहे।